गरीब सवर्णों के लिए मेडिकल कॉलेज में आठ सीटें
नई तकनीक से शिक्षा पाएंगे मेडिकल कॉलेज बस्ती के छात्र
विश्वस्तरीय डायलिसिस से सीखेंगे संचालन के गुर
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार से पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। इसकी तैयारी कॉलेज प्रशासन ने पूरी कर ली है। शासन ने इस कॉलेज में गरीब सवर्णों के लिए आठ सीटें आरक्षित की है। फिलहाल, प्रथम सत्र के लिए 100 प्रवेशार्थियों की काउंसिलिंग पूरी की जा चुकी है। कॉलेज में एमबीबीएस के विद्यार्थियों को नई तकनीक के माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। डायलिसिस पर भी बच्चे विश्वस्तरीय तकनीक की मशीन के संचालन के गुर सीखेंगे।
जिले को इस वर्ष मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। तमाम निरीक्षण के बाद एमसीआई (मेडिकल कौंसिल ऑफ इंडिया) ने कॉलेज संचालन के लिए हरी झंडी दी। इसके बाद यहां तेजी से कार्य शुरू हो गया। जुलाई में ही परिणाम आया तो यहां प्रवेश का सिलसिला शुरू हुआ। अब एमसीआई ने सूबे के सात नए मेडिकल कॉलेजों में गरीब सवर्णों के लिए आरक्षण में बस्ती के मेडिकल कॉलेज को भी शामिल किया है। यहां गरीब सवर्णों के लिए आठ सीटें तय की गई हैं। बृहस्पतिवार से यहां पठन-पाठन शुरू हो जाएगा। इसके लिए ओपेक चिकित्सालय कैली में अत्याधुनिक लैब के अलावा नए संसाधनों को भी संचालित किया जाएगा। एमबीबीएस के विद्यार्थियों को इंटरनेट का भी लाभ देने की व्यवस्था बनाई गई है। इससे तमाम नई बीमारियों के बारे में जानकारी लेने में सुविधा मिलेगी। इस संबंध में प्रधानाचार्य डॉ. नवनीत कुमार ने कहा कि प्रथम सत्र की पढ़ाई के लिए तैयारी पूरी हो चुकी है। एमसीआई के निर्देश के अनुसार गरीब सवर्णों के लिए आठ सीटें आरक्षित हैं। बच्चों को विश्वस्तरीय तकनीक के माध्यम से शिक्षित करने की योजना है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन तैयार है। अब कॉलेज प्रशासन द्वितीय सत्र की तैयारी कर रहा है।