बारिश व हवा के कारण धान की फसलें गिरीं
- अगेती प्रजाति के धान की फसल को होगा अधिक नुकसान
- फसल जमीन पर गिरने से खराब होगी दानों की गुणवत्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आसमान से आफत बनकर हो रही बारिश से धान की फसलें चौपट हो रही हैं। सबसे अधिक नुकसान धान की अगेती प्रजाति की फसलों को हो रहा है। ये फसलें पककर तैयार हैं। कहीं-कहीं कटाई चल रही थी जो बारिश के कारण बंद हो गई है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी कुमारगंज अयोध्या के धान विशेषज्ञ डॉ. सौरभ दीक्षित ने बताया कि फसल गिरने से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होगी। दाने काले पड़ सकते हैं व चूहे गिरी हुई फसल को अधिक नुकसान पहुंचाएंगे।
सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार बस्थनवां, औड़जंगल, पिटाउट और तेलियाडीह आदि क्षेत्रों में फसलें गिर गई हैं। सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार अगेती रबी मौसम की सब्जियां लगाने वाले किसानों को बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ है। क्षेत्र के मुरादपुर, सूरतगढ़, मनवा, जिनवा, पकरी भीखी आदि जगहों पर धान की फसलें जमीन पर गिर गई हैं। दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के कारण धान की फसलें गिर गई हैं। जिससे किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार किसान सियाराम शुक्ला, परमात्मा चौधरी और राजेंद्र चौधरी आदि ने बताया फसल पककर तैयार है। कटाई की तैयारी चल रही थी। लेकिन बारिश ने सारे अरमानों पर पानी फेर दिया। टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के कारण तिनहरी, सुल्तानपुर, भदना, धनघटी, कूपनगर, झग्गापुर, शिवपुर, बजहिया, नोनहा, बेलवाडाड़, चेतरा, खड़सरपुर, आमा और बसहवा आदि गांवों में धान की फसल जमीन पर गिर गई है।
--------
24 घंटे तक मध्यम बारिश की संभावना
- आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ पांडेय ने बताया कि आगामी 24 घंटे तक पूर्वांचल में मध्यम बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। पूरब की ओर से सामान्य से तेज गति से हवा चल सकती है। तापमान अधिकतम 28 व न्यूनतम 23 डिग्री रहने की संभावना है। मंगलवार शाम चार बजे तक जिले में 49 मिमी बारिश हो चुकी थी।
--------
क्षति का कराया जा रहा है आंकलन
- बारिश के नुकसान हुई फसल का प्रशासन की ओर से आंकलन कराया जा रहा है। एडीएम अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारियों को क्षति आंकलन के लिए लगाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------
विकास पाठक