नोएडा से बिहार जा रही डबल डेकर ट्रेलर से टकराई
बस्ती। गोरखपुर-अयोध्या हाईवे पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गड़हा गौतम गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार प्राइवेट बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार खलासी सहित कुल पांच यात्री घायल हो गए जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद खलासी की हालत गंभीर देख जिला अस्पाल रेफर कर दिया गया।
बस ग्रेटर नोएडा से बिहार के मुजफ्फरपुर जिला जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर ग्रेटर नोएडा सेक्टर 37 से बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट डबल डेकर बस का चालक गड़हा गौतम गांव के पास आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने लगा। इसी बीच बस ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। टक्कर में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। हादसे में तहजुद्दीन खान (45) पुत्र महमुद्दीन खान निवासी देवकली, मोहद्दीनपुर जिला सिवान (बिहार), सादीना खान (35) पत्नी सरफरोज खान निवासी सुपौल जिला सिवान (बिहार), वंदना (22) पुत्री अनूप कुमार निवासी गोपालगंज जिला सिवान (बिहार), दीपक कुमार (30) पुत्र पवन कुमार निवासी मैरी सुदामा जिला सिवान (बिहार), देवनारायण पुत्र झझूल शर्मा निवासी महुआ थाना गोपालगंज जिला सिवान (बिहार) घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एनएचआई वह पुलिस कर्मियों ने आसपास के लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद खलासी तहजुद्दीन खान की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।