बच्चों को लुभा रहीं डोरीमोन, छोटा भीम वाली राखियां
बस्ती। रक्षाबंधन नाम से ही बहन-भाई का प्रेम झलकता है। इस प्रेम का प्रतीक राखी है, जो कार्टून किरदार डोरीमोन, छोटा भीम के साथ बच्चों को खूब लुभा रही है। एलईडी लाइट और घड़ी बनी राखियों को बच्चे खूब पसंद कर रहे हैं। बाजार में हर वर्ग के लिए पांच से एक हजार रुपये तक की आकर्षक राखियां मौजूद हैं।
शहर के बाजार रक्षाबंधन के लिए सज चुके हैं। कई तरह की राखियां बाजार में उपलब्ध हैं, लेकिन समय के साथ सूत का धागा चमकदार धागों में तब्दील होने के साथ अब कार्टून चैनलों के किरदारों ने भी जगह बना ली है। शहर के मुख्य बाजार गांधीनगर, रोडवेज, मंगल बाजार, पांडेय बाजार, मालवीय रोड पर रंग-बिरंगी राखियों की दुकानें सज गईं हैं। दुकानदार राजेश, पंकज, कृपा शंकर ने बताया कि इस बार देसी राखियों की भरमार है। वहीं, चाइना मेड राखियां भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बाजार में पांच रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की राखी उपलब्ध है। चांदी की राखियां भी उपलब्ध हैं। इस बार बाजार में बच्चों से लेकर बड़ों के लिए तरह तरह की राखियां आई हैं। इनमें रेशम की डोरी में जड़े जरकन स्टोन वाली राखी, विदेशी डायमंड वाली राखी की ज्यादा डिमांड है। बच्चों की राखी भी दस से लेकर सौ रुपये तक बाजार में बिक रही है। बच्चों की राखी में छोटा भीम, मिक्की माउस, डोरीमोन लाइट वाली राखी, एंडी राखी बच्चों को खूब भा रही है। थाली सेट, मोबाइल फोन, टॉफी, स्पाइडर मैन, बैटमैन की राखियां भी हैं।