बभनान। गोरखपुर-गोंडा रेल प्रखंड पर स्थित बभनान-परसा तिवारी रेलवे स्टेशन के मध्य खम्हरिया बुजुर्ग गांव के पास अप ट्रैक के बगल में बुधवार को अज्ञात युवक का शव मिला है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। सूचना के बाद छपिया पुलिस और आरपीएफ बभनान की टीम मौके पर पहुंची। अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी ट्रेन से गिर गया है। युवक का शव रेलवे ट्रैक के बगल औंधे मुंह गिरा हुआ मिला है। युवक के हाथ पर भारत लिखा टैटू भी बना है। चौकी इंचार्ज बभनान घनश्याम वर्मा ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सोशल मीडिया एवं स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराई जा रही है। संवाद
जमीन विवाद में भतीजों ने चाचा को पीटा, केस दर्ज
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में जमीन विवाद में भतीजों ने चाचा को पीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज किया है। गाजीपुर गांव के रामनरेश गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार की दोपहर करीब सवा दो बजे उसके भतीजे अमृत और विकास ने अपशब्द कहते हुए मारपीट कर उसे घायल कर दिया। जान-माल की धमकी भी दी। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया कि आरोपियों पर केस दर्ज कर घायल को मेडिकल के लिए सीएचसी गौर भेजा गया। संवाद
मारपीट में चार के खिलाफ केस
सोनहा। पुलिस ने पारिवारिक विवाद में हुई मारपीट के मामले में चार आरोपियों पर केस दर्ज किया है। सोनहा थाना के कोल्हुई निवासी राम जियावन ने तहरीर देकर बताया कि सोमवार 12 बजे पारिवारिक विवाद को लेकर सुदामा, बृजभान, रुचि व सपना ने उनकी पत्नी राधा, पुत्री रागिनी व रविश को लाठी डंडे से अपशब्द कहते हुए मारापीटा व जानमाल की धमकी दी। संवाद