सरयू नदी में लापता किशोर का शव बंधे के पास मिला
दुबौलिया (बस्ती )। थाना क्षेत्र के कटरिया चांदपुर तटबंध पर खजांचीपुर गांव के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे स्नान करते समय सरयू नदी में लापता 13 वर्षीय बालक का बुधवार सुबह शव मिला। शव मिलते ही घाट पर कोहराम मच गया।
मंगलवार की देर शाम करीब छह बजे विशुनदासपुर गांव निवासी श्याम लाल का तेरह वर्षीय बेटा कृष्णा अपने दोस्तों हरिओम (11), अजीत मौर्या (13) एवं देवांश (12) के साथ सरयू नदी में स्नान करने गया था। अचानक पैर फिसलने के कारण कृष्णा गहरे पानी में लापता हो गया। इसे देख अन्य साथियों ने भागकर परिवार वालों को सूचना दी। घटना की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार भी स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता बालक की तलाश में जुट गए। मगर कामयाबी नहीं मिली। बुधवार सुबह चांदपुर बांध के पास उतराया हुआ शव देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे दुबौलिया थाना प्रभारी विनोद कुमार ने वैधानिक कार्रवाई शुरू की।