जिले में 36 घंटे के भीतर 24 वर्षीय विवाहिता व 16 वर्षीय किशोरी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत गंभीर होने के चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुबौलिया क्षेत्र के विशेषरगंज में जमीन के विवाद को लेकर विपक्षियों पर 16 वर्षीय पुष्पा पर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगाने का आरोप है, जबकि कोतवाली क्षेत्र के डिड़ौहा में विवाहिता को दहेज के लिए जलाने का प्रयास किया गया। जिसमें उसके पति, सास, ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि दोनों प्रकरण में गहन छानबीन करके कार्रवाई की जा रही है।
दुबौलिया प्रतिनिधि के मुताबिक पुष्पा की मां कृष्णावती का कहना है कि उसके पति ने कस्बे का मकान वहीं के काली प्रसाद सोनी को बैनामा किया था। लेकिन काली प्रसाद सोनी ने पूरी रकम नहीं दी। जिस वजह से उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। सोमवार को सुबह 10 बजे काली प्रसाद व उनके परिवार के लोग मकान में घुसकर सामान बाहर फेंकने लगे। सौ नंबर पर फोन करने पर पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों का शांतिभंग में चलान कर दिया। उसी रात पुष्पा पर मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा दी गई। किसी तरह उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। कृष्णावती ने काली प्रसाद पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया। जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि कृष्णावती की नीयत खराब है, बैनामा करने के बावजूद मकान नहीं खाली करना चाहती थीं। इसीलिए यह इल्जाम लगाया जा रहा है। एएसपी रोहित मिश्र, सीओ अरशद जमाल व प्रभारी निरीक्षक सलीमुज्जफर मौके पर पहुंचे। अभी पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है।