स्योहारा में गांव जमापुर जागीर में देवर ने अपने बेटे के साथ मामूली बात पर अपनी भाभी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी और भतीजे को घायल कर दिया। मृतका के बेटे ने चाचा व उसके बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस फरार देवर और उसके बेटे की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक क्षेत्र के गांव जमापुर जागीर में शीलादेवी पत्नी दिवंगत बाबू सिंह की पोती पर मंगलवार दोपहर देवर जयसिंह ने कुछ उल्टे सीधे आरोप लगा दिया। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में बात इतनी बढ़ गई कि जय सिंह और उसका पुत्र लाठी-डंडे लेकर शीलादेवी के घर में घुस गए और उसे पीटना शुरू कर दिया। देवर व उसके बेटे के हमले में शीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। अपनी मां शीलादेवी को बचाने आया उसका पुत्र सुरेंद्र उर्फ शोनू भी दोनों कें हमले में घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर घायल शीलादेवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जय सिंह व उसका पुत्र घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस को घटना की सूचना दी गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष एसपी शर्मा के मुताबिक शीला के देवर जय सिंह, बेटे नरदेव, रामअवतार व बेटी मोनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है।