तीन वाहनों की टक्कर पिता की मौत, बेटे जख्मी
फोटो
ट्रॉली से मिनी ट्रक की टक्कर के बाद पीछे से घुसी कार
लखनऊ से कार लेकर गोरखपुर घर जा रहा था परिवार
अमर उजाला के ब्यूरो
साऊंघाट (बस्ती) । फोरलेन स्थित खजौला पुलिस चौकी के समीप मुजहना तिराहे पर रविवार एक के बाद एक तीन वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार पिता की मौत हो गई, जबकि दोनों बेटे और एक वाहन चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसा शनिवार/रविवार रात हुआ।भूसी लादकर नरियांव से मुजहना जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से तेज गति आ रहा मिनी ट्रक (डीसीएम) ओवरटेक के दौरान टकरा गया और लखनऊ से पीछे आ रही कार मिनी ट्रक में घुस गई। कार में रुस्तमपुर (गोरखपुर) के इकबाल अहमद (80 वर्ष) बेटे इंतजार अहमद (45) और इमरान अहमद(40) सवार थे। हादसे में इकबाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने108 एम्बुलेंस सेवा से सभी को खलीलाबाद जिला अस्पताल भेजवाया। वहां पहुंचते ही इकबाल अहमद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने गंभीर घायल दोनों भाइयों को लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे में क्षतिग्रस्त सभी वाहनों को पुलिस कब्जे में लेकर चौकी चली आई। ट्रैक्टर चालक भी घायल हुआ है। बताया जा रहा कि परिवार लखनऊ से किसी मंगनी( मांगलिक) कार्यक्रम से वापस अपने घर गोरखपुर जा रहा था।