जरूरतमंद को रोजगार दिलाना सामाजिक जिम्मेदारी: आयुक्त
- असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने पर दिया जोर
- लंबित परियोजनाओं को 15 दिसंबर तक पूरा करने का आयुक्त ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आयुक्त गोविंद राजू एनएस ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने पर जोर देने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अपने आसपास, घर में कार्य करने वाले, स्ट्रीट वेंडर, ठेला लगाने वाले, मिड-डे-मील रसोइया, मनरेगा मजदूरों को दिलाने का प्रयास करें। जरूरतमंद को रोजगार दिलाना सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
मंडलीय समीक्षा बैठक में आयुक्त ने कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए सभी को प्रेरित करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में बैठें तथा जनता सुनवाई करें। इसके पश्चात क्षेत्र में निकलकर योजनाओं का सत्यापन करें। मंडलीय अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्यालयों का माह में दो बार निरीक्षण एवं समीक्षा करेंगे। कहा कि प्रत्येक माह पूरी होने वाली परियोजनाओं की सूची उपलब्ध कराते हुए प्रयास करें कि 15 दिसंबर तक योजनाओं को अवश्य पूरा किया जाए। समीक्षा में उन्होंने पाया कि मंडल में पीडब्ल्यूडी की 236 सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें से 14 सड़कें पूरी हो गई हैं। आयुक्त ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, 102 एवं 108 एंबुलेंस के संचालन, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना, मातृत्व स्वास्थय कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, कोरोनारोधी टीकाकरण, बच्चों का नियमित टीकाकरण, ऑपरेशन कायाकल्प, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, पेंशन एवं छात्रवृत्ति, कन्या सुमंगला योजना, वृहद वृक्षारोपण, दुग्ध समितियों का गठन, गन्ना मूल्य भुगतान, उद्योग विभाग की ओर से संचालित स्वरोजगार योजना, धान खरीद, सहकारी देयों की वसूली आदि योजनाओं की समीक्षा की। बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त एवं उप निदेशक अर्थ एवं संख्या एनएन राय ने किया। बैठक में जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल, डीएम संतकबीरनगर दिव्या मित्तल, डीएम सिद्धार्थनगर दीपक मीणा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।