एक युवती से दुष्कर्म व दूसरे से प्रयास का केस दर्ज
बस्ती। अलग-अलग दो थानाक्षेत्रों में एक युवती के साथ दुष्कर्म व दूसरे के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। एक मामले में युवती ने चाकू से डरा धमका कर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। जबकि दूसरा मामला शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का है। एक में महिला थाना तो दूसरे में परशुरामपुर पुलिस ने कार्रवाई की है।
लालगंज थानाक्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के एक युवक ने 25 अगस्त 2021 को उसे अकेला पाकर चाकू दिखाकर डराया धमकाया। अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आईपीसी के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में परशुरामपुर थानाक्षेत्र की रहने वाली पीड़ित युवती ने आरोप लगाया कि इसी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। जब शादी करने के लिए दबाव डाला तो मुकर गया। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट भी की। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ आईपीसी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।