सड़क हादसे में पुलिसकर्मी समेत तीन गंभीर
महराजगंज (बस्ती)। फोरलेन पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में पुलिस कर्मी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में पुलिस कर्मी की हालत नाजुक बनी हुई है।
सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना थाने के रहने वाले अजय कुमार सोनकर बुधवार को अपने गांव के मित्र विवेक आनन्द वर्मा के साथ एक ही बाइक से नगर थाना क्षेत्र के संसारपुर में बरात आए थे। देर रात 10 बजे दोनों अपने घर मोहाना वापस जा रहे थे। फुटहिया फ्लाई ओवर की सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में लेते हुए सड़क पर खड़े एक पुलिस कर्मी को भी अपने में ले लिया। घटना में अजय सोनकर (22) और इनके मित्र विवेक आनन्द वर्मा (23) और डायल 112 में तैनात सिपाही संजय सिंह (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एनएचएआई की टीम और फुटहिया चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह व सिपाही पंकज यादव ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। सिपाही संजय सिंह की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि सिपाही की हालत नाजुक बनी हुई है।