सिंगाही (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर बफरजोन की मझगईं रेंज के खैरीगड़ सरजू नदी पुल घाट पर नदी से निकले मगरमच्छ ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जमील (60) सुबह करीब नौ बजे घर से पुल घाट के पास खेतों में काम करने गए थे कि इस बीच नदी से निकले मगरमच्छ ने उनपर हमला कर दिया। उन्हें नदी में खींच ले गया। चीखने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तब तक मगरमच्छ जमील को पानी के अंदर दूर तक खींच ले गया था। खबर फैलने पर वहां काफी भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग व पुलिस की टीम ने नाव से तलाश की तो निबिया घाट पर बुजुर्ग का शव मिल गया, जिसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रभारी क्षेत्रीय वनाधिकारी सुभाष कुमार ने बताया की ग्रामीणों की मुआवजे की मांग को उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।