प्रॉपर्टी सीज करने की कार्रवाई करते पुलिस वाले।
पढ़ेरा के स्मैक तस्कर प्रधान का मकान और मार्केट सहित तस्कर मिराज की मार्केट पर लगाई सील
फरीदपुर। पढ़ेरा के स्मैक तस्कर प्रधान शहीद खान की फरीदपुर में मार्केट और मकान सहित तस्कर मिराज की मार्केट को पुलिस ने सील कर दिया है। चिह्नित की गई 33 संपत्तियों में से बची 13 को सील करने की कार्रवाई बुधवार को की जाएगी।
स्मैक तस्करों पर कार्रवाई करते हुए उनकी 33 अचल संपत्तियां चिह्नित की गई थीं। सफेमा के तहत अब 17 अचल संपत्तियों के ध्वस्तीकरण और सील करने की कार्रवाई की जा चुकी है। मंगलवार को पुलिस ने फरीदपुर तहसील के सामने बने स्मैक तस्कर पढ़ेरा के प्रधान के मकान को सील कर दिया है। साथ ही उसकी मार्केट और तस्कर मिराज की मेन रोड पर बनी बरकाती मार्केट को भी पुलिस ने ताला लगाकर सील कर दिया। बरकाती मार्केट में कई दुकानें हैं, जिसमें कई चीजों का व्यापार किया जा रहा था, जिन्हें पुलिस ने खाली करने को कहा था। कुछ लोगों ने मार्केट खाली कर दी और कुछ ने दुकानें खाली नहीं की। मंगलवार को पुलिस ने पूरी बरकाती मार्केट को सील कर दिया। इन दोनों ही मार्केट को ध्वस्त किया जाएगा। पुलिस ने पढ़ेरा, टिसुआ और फरीदपुर में तस्करों की प्रॉपर्टी को सील कर दिया है, लेकिन अभी 13 प्रॉपर्टी शेष बची है, जिसमें पढ़ेरा, टिसुआ और फरीदपुर की प्रॉपर्टी शामिल है। जिसको पुलिस बुधवार को सील करने की कार्रवाई करेगी।