माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर बाघ के हमले में घायल मजदूर। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
कलीनगर। माधोटांडा-खटीमा जंगल मार्ग पर लाल पुल से दो किलोमीटर पहले बाघ ने दो बाइक पर सवार मजदूरों पर झपट्टा मारा, जिसमें तीन घायल हो गए। हमले के बाद करीब दस मिनट बाद तक बाघ मार्ग पर मौजूद रहा। पीछे आ रहे कुछ मजदूरों ने हिम्मत करके शोर मचाया तो बाघ जंगल में चला गया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया।
तहसील क्षेत्र के गांव जमुनिया निवासी भगवान दास ने बताया कि गांव के लोग खटीमा में मजदूरी करते हैं। इन दिनों गेहूं की कटाई चल रही है। रोजाना की तरह बुधवार की शाम काम खत्म कर वह अपने पुत्र अनूप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। अनूप बाइक चला रहा था। दूसरी बाइक पर गांव के ही प्रभु दयाल और राधेश्याम थे। माधोटांडा-खटीमा जंगल मार्ग पर लालपुल से दो किलोमीटर पहले अचानक जंगल से निकला बाघ उन झपट पड़ा। बाइक असंतुलित हो कर गिर गईं। बाघ का पंजा लगने से उनके बेटे अनूप के हाथ और पीठ में घाव हो गया। प्रभुदयाल व राधेश्याम के भी पंजे से गहरे जख्म हुए। बाघ के हमले के बाद वे सब दहशत में आ गए। बाघ सामने ही था।
कुछ ही देर में गांव के कुछ मजूदर दूसरी बाइक से इसी मार्ग पर आए। उन्होंने मंजर देखा तो शोर मचाने लगे। इस पर बाघ जंगल की ओर निकल गया और जान बच गई। इन लोगों ने घायलों को बाइक से पहले जंगल पार कराया। गांव में सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। माधोडांटा सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को पूरनपुर के लिए रेफर किया गया।