थाने में पुलिस से शिकायत करता रिटायर्ड एयरपोर्ट कर्मी ।
बरेली। पौने दो सौ वर्ग गज का प्लॉट बेटी के नाम करना सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी हेतराम बौद्ध को भारी पड़ गया। इससे नाराज उनके बेटे कमल कांत सिद्धार्थ और उसकी पत्नी ऋचा ने उन्हें बंधक बना लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। हेतराम की पत्नी कमला ने भी बेटे और बहू का साथ दिया। सूचना मिलने पर पहुंची बेटी ने उन्हें किसी तरह मुक्त कराया। हेतराम ने कमलकांत और कमला के खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव चाबड़ निवासी हेतराम ने बताया कि उनका बेटा कमलकांत कई महीनों से फंड, ग्रेज्युटी और अन्य योजनाओं में जमा धन अपने नाम न करने पर उनके साथ अमानवीय व्यवहार कर रहा है, जबकि उन्होंने उसे ही नॉमिनी बना रखा है। उन्होंने अपना 175 वर्ग गज का एक प्लॉट बेटी के नाम कर दिया। इससे कम बौखला गया। उसने 21 अगस्त को अपनी मां के सामने ही उन्हें कमरे में बंद करके पीटा। इसके बाद उसने कमरे में धुआं भरकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने अपनी पुत्री को फोन करके बुलाया तो उसने उन्हें मुक्त कराया। सोमवार को वह थाने पहुंचे और पुलिस को अपने जख्म दिखाए। इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बुजुर्ग की हर संभव मदद की जाएगी।