बरेली। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम पिछले महीने से ही शुरू हो चुका है। पहले फेज में पटेल चौक से चौकी चौराहा तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। वहीं अब दूसरे फेज में श्यामगंज से सेटेलाइट तक सड़क निर्माण इसी हफ्ते शुरू किया जाएगा।
स्मार्ट सिटी सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि पहले चरण में सात सड़कों को चुना गया है। इन सड़कों के निर्माण में करीब 61.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इन सड़कों की लंबाई करीब 5.62 किलोमीटर है। इनमें से पटेल चौक से चौकी चौराहा तक और रेलवे जंक्शन मालगोदाम रोड से चौपुला चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में सात अन्य प्रमुख सड़कों को लिया गया है। इन सड़कों की लंबाई करीब 8.10 किलोमीटर है। इन सात सड़कों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए करीब 63.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण की दो सड़कों पर काम शुरू होने के बाद अब दो अन्य सड़कों के सुधार व चौड़ीकरण का काम शुरू होना है। इनमें श्यामगंज चौराहा से सेटेलाइट तिराहे तक और चौपुला चौराहा से चौकी चौराहा तक सड़क शामिल हैं। इन मार्गों पर इसी सप्ताह चौड़ीकरण का काम शुरू हो जाएगा।