फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शाह सकलैन मियां के छोटे भाई हाजी मुमताज मियां का इंतकाल

विज्ञापन
हजरत हाजी मुमताज मियां सकलैनी (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

दीदार के लिए अकीदतमंदों का लगा रहा तांता, आज ककराला (बदायूं) में किया जाएगा सुपुर्देखाक

बरेली। नबीरे शाह शराफत मियां एवं पीरो मुर्शिद शाह सकलैन मियां के छोटे भाई हजरत हाजी मुमताज मियां सकलैनी का बृहस्पतिवार को दोपहर इंतकाल हो गया। वह 70 साल के थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत नासाज चल रही थी। उन्हें बदायूं के कस्बा ककराला में जुमा (शुक्रवार) को सुबह सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
विज्ञापन

मुमताज मियां के विसाल की खबर सुनते ही शाहबाद स्थित दरगाह हजरत शराफत मियां (खानकाह सकलैनिया) पर आखिरी दीदार के लिए मुरीदीन और अकीदतमंद बड़ी तादाद में उमड़ पड़े। इस पुरमलाल माहौल के बीच जैसे-जैसे बाहरी शहरों तक खबर पहुंची तो वहां से भी लोगों ने फोन करके अपने गम का इजहार किया। घर और खानदान के लोग भी गम-ओ-तकलीफ में हैं। मुमताज मियां अजीम मर्दे मुजाहिद और कौमो मिल्लत के हमदर्द थे। उन्होंने हमेशा बिना मजहबो मिल्लत लोगों के दर्द को अपना समझा और बढ़ चढ़कर लोगों की खिदमत की। इंतकाल के बाद उनका जनाजा खानकाह के मेहमानखाने में रखा गया। जहां शहर और आसपास इलाकों के तमाम लोगों ने कतार ब कतार उनका दीदार किया। इसके बाद उन्हें ककराला ले जाया गया।

दो दिन पहले ही ककराला से आए थे बरेली

शाह सकलैन अकादमी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष, रहनुमा-ए-मिल्लत हाजी मुमताज मियां दो दिन पहले ही ककराला से यहां शाह शराफत मियां दरगाह पहुंचे थे। बृहस्पतिवार दोपहर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। शाम पांच बजे उनका शव बरेली से ककराला पहुंचा। शुक्रवार सुबह दस बजे ककराला मजार शरीफ पर उन्हें सुपुर्दे ख़ाक किया जाएगा।

मेहमाननवाजी के लिए मशहूर थे, सियासी लोग लेते थे सलाह

हाजी मुमताज मियां सकलैनी के किरदार की कई खासियतें उनके चाहने वालों की जुबां पर हैं। दरगाह और आवास पर जब भी कोई पहुंचता था तो वह बड़ी मोहब्बत से उसकी मेहमाननवाजी करते थे और हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखते थे। बड़े सियासतदां और अफसर महत्वपूर्ण मामलों में उनसे सलाह लेते थे।

तीन बेटे और तीन बेटियां हैं परिवार में

हाजी मुमताज मियां अपने बड़े भाई दरगाह शाह शराफ़त के सज्जादानशीन पीरो मुर्शिद हजरत शाह सकलैन मियां हुजूर के सबसे ज्यादा प्रिय थे। मुमताज मियां के तीन बेटे इंतख़ाब अहमद सकलैनी, फैजयाब सकलैनी, मुस्तजाब सकलैनी और तीन बेटियां हैं।

मुमताज मियां के इंतकाल पर गम का इजहार

बरेली। हजरत मुमताज मियां के इंतकाल पर बरेली हज सेवा समिति की ओर से गम का इजहार किया गया है। समिति के संस्थापक पम्मी खान वारसी, हाजी मोहम्मद अब्बास नूरी, मोहसिन इरशाद, मोहम्मद एजाज, हाजी साकिब रजा खां, हाजी यासीन कुरैशी आदि ने दुख का इजहार करते हुए मगफिरत की दुआ की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें