रिजर्वेशन के लिए जूझते रहे यात्री, सिस्टम अपडेट न होने से रिजर्वेशन के लिए जूझते रहे यात्री
बरेली। मेरठ-सिटी से लखनऊ जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस बुधवार से दौड़ेगी। अभी तक यह ट्रेन 22454/22453 नंबर से चलती थी लेकिन अब रेलवे ने नंबर बदल दिया है। अब ये ट्रेन 01718 अप और 01717 डाउन नंबर से चलेगी। सिस्टम में नंबर अपडेट न होने की वजह से लोग पुराने नंबर पर ही रिजर्वेशन कराने के लिए जूझते रहे।
राज्यरानी एक्सप्रेस मेरठ सिटी से चलकर हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई होते हुए लखनऊ पहुंचती है। मेरठ से यह ट्रेन दोपहर सवा 11:02 बजे और लखनऊ से (22453 अप) शाम 6:08 बजे जंक्शन पहुंचती थी। कोरोना संक्रमण की वजह से राज्यरानी एक्सप्रेस का संचालन 25 मार्च 2020 से बंद था। अब रेलवे ने नए नंबर (01718 डाउन/01717 अप) नंबर से संचालन शुरू किया है। नए नंबर की यह ट्रेन बुधवार से चलनी शुरू होगी। मंगलवार को लोग रिजर्वेशन कराने के लिए पुराने नंबर का ही इस्तेमाल करते रहे। रिजर्वेशन सिस्टम में पुराना नंबर ही फीड था, लेकिन उसमें रिजर्वेशन नहीं हुआ। जिसकी वजह से लोग दिन भर रिजर्वेशन कराने के लिए जूझते रहे। इसके बाद उन्होंने जंक्शन, सिटी और इज्जतनगर स्टेशन की रिजर्वेशन विंडो से लोगों ने रिजर्वेशन कराए। सूत्रों के मुुताबिक, लखनऊ के करीब पचास और मेरठ के लिए अस्सी रिजर्वेशन कराए गए। दरअसल मेरठ के लिए जंक्शन से एकमात्र ट्रेन प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस है। यह ट्रेन रात 1:58 बजे जंक्शन पहुंचती है। शाम को केवल राज्यरानी एक्सप्रेस रात साढ़े दस बजे जंक्शन पहुंचती है। जिस कारण इस ट्रेन से मेरठ जाने वाले लोगों की संख्या अधिक रहती है।