बदायूं। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ राजनीतिक दलों में दावेदारों की फेहरिस्त भी लंबी होती जा रही है। शहर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के सबसे ज्यादा दावेदार सामने आ सकते हैं। हालांकि, अभी भाजपा समेत अन्य राजनीतिक दल स्क्रीनिंग कर रहे हैं। इस बीच प्रदेश में भाजपा के 150 से ज्यादा विधायकों और मंत्रियों के टिकट कटने की खबरों के बीच मौजूदा विधायकों की बेचैनी भी बढ़ने लगी है।
प्रदेश में मार्च 2022 तक नई विधानसभा का गठन होना है। वर्ष 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनावों पर गौर करें तो जिले की जनता ने हर बार अलग-अलग चुनाव परिणाम दिए हैं। प्रदेश में इसी तरह बसपा, सपा और भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकारें भी बनीं। अब 2022 में जिले के मतदाताओं का रुख क्या होगा उसे भांपने के लिए राजनीतिक दलों की कवायद जारी है। जातिगत सम्मेलनों का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। चुनाव नजदीक आने के साथ दावेदार भी सामने आने लगे हैं। भाजपा और शहर विधानसभा इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में है।
शहर विधानसभा सीट से विधायक महेश गुप्ता योगी मंत्रीमंडल में नगर विकास राज्यमंत्री हैं। भाजपा ने अभी टिकट के लिए आवेदन नहीं मांगे हैं। इससे पहले ही शहर विधानसभा में पार्टी से टिकट के दावेदारों की लाइन लंबी होती जा रही है।
दरअसल, पिछले दिनों भाजपा ने अशोक भारती को जिलाध्यक्ष पद से हटाकर राजीव गुप्ता को जिलाध्यक्ष बना दिया था। राजीव गुप्ता शहर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के बड़े दावेदार के रूप में देखे जा रहे थे। अब पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारती ने भी टिकट के लिए दावेदारी कर दी है। इसके अलावा भाजपा के विधि एवं न्याय प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता ने भी दावेदारी कर दी है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक, युवा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री पारस गुप्ता और चेयरमैन दीपमाला गोयल को भी दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
-
सोशल मीडिया पर माहौल बनाने में जुटे दावेदार और समर्थक
भाजपा ने अभी टिकट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की है। पार्टी का जोर इन दिनों संगठन की मजबूती पर है। इस बीच तमाम नेताओं और उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर माहौल बनाना शुरू कर दिया है। शहर विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा नेता और उनके समर्थक दावेदारी दिखा रहे हैं। मौजूदा विधायक और नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारती, विधि और न्याय प्रकोष्ठ सह संयोजक स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक, युवा मोर्चा जिला क्षेत्रीय मंत्री पारस गुप्ता और चेयरमैन दीपमाला गोयल के समर्थक फेसबुक पेज चलाने के साथ व्हाट्सएप ग्रुप भी चला रहे हैं। पूर्व विधायक रामसेवक सिंह भी इन दिनों सक्रियता दिखा रहे हैं। उनके समर्थक भी भाजपा के पक्ष में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।
-
भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। टिकट मांगने का अधिकार पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को है। हाईकमान की ओर से फिलहाल टिकट संबंधी विचार विमर्श शुरू नहीं किया गया है। पार्टी ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी दी है उसे मैं निभा रहा हूं। पूरा फोकस बूथ लेवल तक मजबूती पर है। पार्टी में कहीं पर किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। हाईकमान से जिसे भी टिकट दिया जाता है पूरी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ाएगी। 2022 में भाजपा जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर कब्जा करेगी। - राजीव गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष