पुलिस ने पिता को किया गिरफ्तार, दूसरे आरोपियों की भी तलाश
दुनका। गांव सीहोर के पास खेत में शुक्रवार रात मिला शव मिलक (रामपुर) की युवती का था जिसकी हत्या उसके पिता ने ही की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला कि युवती ने सोमवार रात को अपने प्रेमी को घर बुलाया था। पिता ने अपने घर में दोनों को साथ देखा तो बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को लाकर खेत में फेंक दिया। आरोपी के मुताबिक युवती का प्रेमी भाग निकला था। हालांकि उसका भी अब तक कोई पता नहीं चला है।
शाही के गांव सीहोर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर शुक्रवार रात मेवाराम गंगवार के गन्ने के खेत में एक युवती का शव पड़ा मिला था। गले पर निशान थे जिनसे साफ था कि उसे गला घोटकर मारा गया है। इसके साथ हाथों पर भी खरोंच के कई निशान थे। एसओ शाही अश्वनी कुमार ने मौके पर युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। घटनास्थल पर हालात देखकर पुलिस ने यह भी अंदाजा लगाया कि हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है। घटनास्थल से कुछ ही दूर रामपुर जिले की सीमा है इसलिए पुलिस का यह भी अनुमान था कि युवती रामपुर जिले की हो सकती है। लिहाजा रामपुर के सीमावर्ती थानों को भी घटना की सूचना दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह मिलक (रामपुर) के थाने में वहीं के पुराना जगतपुर पार निवासी हरस्वरूप अपनी 22 वर्षीय बेटी किरन की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचा। मिलक पुलिस ने यह सूचना शाही पुलिस को दी तो एसओ अश्वनी कुमार मिलक पहुंच गए। हरस्वरूप को हिरासत में लेकर सख्ती की तो उसने 17 मई की रात हत्या करके बाइक से उसका शव सीहोर ले जाकर फेंकने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक हत्या करने के बाद शव को फेंकने की घटना में शामिल कुछ और लोगों के नाम भी पता चले हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
चार दिन से युवती का प्रेमी भी लापता
पुलिस के मुताबिक युवती के रामपुर के ही थाना कैमरी के गांव भमरका निवासी एक युवक से करीब दो-ढाई साल से प्रेम संबंध थे। घटना की रात करीब एक बजे वह युवती से मिलने उसके घर आया था। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उसने उसे अपने घर में देखा तो वह वहां से भाग निकला। इसके बाद उसने अपनी बेटी को घर में ही गला दबाकर मार दिया। सूत्रों का कहना है कि घटना की रात से प्रेमी भी लापता है और अपने घर भी नहीं पहुंचा है। एसओ शाही ने बताया कि घटना की रात से प्रेमी भी अपने घर नहीं पहुंचा है। उसकी जांच रामपुर पुलिस कर रही है।
शाही के खेत में मृत मिली युवती रामपुर जिले की निवासी है। उसके पिता ने ही प्रेम प्रसंग के चलते हत्या करके शव यहां लाकर फेंक दिया था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। - राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात