वीडियो से ट्रेस किए गए देश भर से आए वाहनों के नंबर, बरेली के 25 लोगों से मांगा जवाब
लिखित तौर पर बताना होगा क्यों गए तिकुनिया और किन-किन लोगों के साथ
ट्रैफिक पुलिस को सौंपी सत्यापन की जिम्मेदारी, बताए जा रहे ऊपर के निर्देश
बरेली। गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र की गाड़ी से किसानों के कुचलकर मारे जाने के बाद लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में हुए बवाल के बाद देश भर से पहुंचे लोगों के बारे में पड़ताल शुरू कर दी गई है। ऊपर से मिले निर्देशों के बाद पुलिस तिकुनिया में बाहर से आई सभी गाड़ियों को चिह्नित करने के साथ उनके मालिकों से लिखित तौर पर तिकुनिया जाने का कारण मांगा जा रहा है। बरेली की 25 गाड़ियों के मालिकों से लिखित जवाब मांगा गया है।
तीन अक्तूबर को तिकुनिया में आशीष की गाड़ी से कुचलकर चार किसानों की मौत हुई थी। इसके बाद हुए बवाल में दो भाजपा कार्यकर्ताओं, आशीष के ड्राइवर और एक पत्रकार की भी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद तिकुनिया में देश के कई राज्यों से राजनीतिक दलों और किसान संगठनों के नेताओं का तांता लग गया था। माहौल देखते हुए पुलिस ने उस वक्त तो किसी से पूछताछ नहीं की, इन सारी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग जरूर कराई थी।
अब खीरी का का माहौल शांत होने के बाद पुलिस ने तिकुनिया कांड के दौरान आए वाहनों का सत्यापन शुरू कर दिया है। वीडियोग्राफी के जरिए ट्रेस हुए वाहनों के नंबरों के आधार पर सभी जिलों में उनके मालिकों से तिकुनिया जाने का लिखित कारण और वाहन में मौजूद लोगों के बारे में लिखित जानकारी मांगी जा रही है। बरेली की ट्रैफिक पुलिस से ऐसी 25 गाड़ियों की जानकारी मांगी गई है। ट्रैफिक पुलिस सभी वाहनों के मालिकों को फोन करके लिखित तौर पर दोनों सवालों का जवाब देने को कह रही है।
तिकुनिया में बवाल के बाद बरेली से वहां गए 25 वाहनों के बारे में जानकारी मांगी गई है। इन सभी वाहनों का डाटा इकट्ठा किया जा रहा है। - राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक बरेली