बरेली। पढे़रा के ग्राम प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे के भाई सलीम खां, उसकी पत्नी किश्वरी, बेटे वसीम और फहीम ने शुक्रवार को अदालत में समर्पण कर दिया। कोर्ट ने इन सभी को जेल भेज दिया है।
पिछले दिनों थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव पढ़ेरा में पुलिस ने दबिश देकर वहां के प्रधान शहीद खां उर्फ छोटे और उसके भतीजे को 20 किलो स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय दोनों स्मैक की सप्लाई देने दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इस मुकदमे की विवेचना फरीदपुर पुलिस कर रही है। विवेचना में सामने आया कि प्रधान के अलावा उसका पूरा परिवार भी स्मैक के काले धंधे में संलिप्त है। इस पर उसके भाई सलीम खां, उसकी पत्नी किश्वरी, उसके बेटे वसीम व फहीम समेत कुछ अन्य लोगों को नामजद किया था। ये सभी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच शुक्रवार को इन चारों ने एनडीपीएस कोर्ट में विशेष न्यायाधीश प्रण विजय सिंह के सामने सरेंडर कर दिया। वहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
अधिकारियों ने बताया कि शहीद खां के काले कारोबार और उससे अर्जित संपत्ति की जानकारी के लिए चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया लेकर पूछताछ की जाएगी।