बरेली। सुभाष नगर के जागृति नगर निवासी अमर सिंह ने राजीव कॉलोनी निवासी दामाद देवेश कुमार, उसके पिता राम सिंह, मां उमा, बहन गुड़िया और अमृता समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमर सिंह का कहना है कि लॉकडाउन के दौरान 15 जून 2020 को उन्होंने अपनी बेटी की शादी देवेश के साथ की थी। शादी में 12 लाख रुपये खर्च किए गए मगर जब बेटी ससुराल पहुंची तो पति समेत अन्य ससुराली दहेज को लेकर संतुष्ट नहीं थे। उन लोगों ने आठ लाख रुपये, सोने की चेन, कृषि भूमि और प्लॉट दिलवाने के लिए किरन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। जुलाई में उन्होंने दामाद को सोने की चेन खरीदकर भी दी लेकिन वे लोग आठ लाख रुपये की मांग पर अड़े थे। 28 अक्तूबर को ससुराल वालों ने किरन को पीटा तो मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। थाने में समझौता होने के बाद किरन ससुराल पहुंची लेकिन वहां उसका उत्पीड़न जारी रहा। इसके बाद पति उसे मायके छोड़ गया और बिना रुपये लिए आने पर जान से मारने की धमकी दी। अमर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दामाद समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।