उत्तर प्रदेश के लखीमपुरखीरी जिले के चपरतला में जल सत्याग्रह और भूख हड़ताल कर रहे भारतीय किसान यूनियन प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामू शुक्ला समेत कई किसानों की तबीयत बिगड़ गई। पड़ोसी जनपद हरदोई की स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जांच के बाद चार किसान यूनियन के नेताओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
आपको बता दें कि चपरतला में अपनी मांगों को लेकर गोमती के किनारे धरना दे रहे किसान रविवार को नदी में उतर गए थे। शनिवार को भूख हड़ताल पर बैठे किसान व उनके नेता रविवार को सुबह नदी में उतर गए और झंडा लेकर प्रदर्शन किया।
वे जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शनिवार से भूख हड़ताल पर हैं। किसान बरनाला मुर्गी फार्म से निकलने वाली मक्खियों, सरकारी राशन दुकान से राशन में घटतौली, गन्ना भुगतान आदि समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।