रामनगर पीएचसी पर डिलीवरी कराने आई महिला और उसके पति के साथ वहां के स्टाफ ने गाली गलौच की और मारा पीट । आरोप हैं कि अस्पताल के स्टाफ ने देर रात घटना के समय शराब पी रखी थी। अस्पताल परिसर में गर्भवती महिला और उसके पति के साथ हुई मारपीट की शिकायत डाक्टर से कर दी है। देर रात सीएमओ को भी मोबाइल पर शिकायत करने की कोशिश की लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
रामनगर के ग्राम अजमेर निवासी सुनील कुमार शर्मा की पत्नी पिंकी को प्रसव पीड़ा हुई। वह गांव की आशा बहन सुनीता को लेकर 108 एम्बूलेंस से रविवार की रात करीब दस बजे पीएचसी रामनगर पहुंचा। दर्द से बेचैन पिंकी को तत्काल मेडिसन देने के लिए सुनील ने वहां तैनात स्टाफ से कहा लेकिन सुनवाई नहीं की। सुनील का आरोप है कि कई बार कहने पर दवा नहीं दी, उल्टे नशे में मौजूद स्टाफ ने गाली गलौच शुरू कर दी। वहां मौजूद स्टाफ और प्राइवेट कर्मियों ने मारा पीटा। डिलीवरी करने से भी मना कर दिया। यह खबर अजमेर के ग्राम प्रधान सुनील माहेश्वरी को हुई तो वह भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने इसकी शिकायत सीएमओ बरेली को मोबाइल पर करने की कोशिश की लेकिन फोन नहीं उठ सका।
‘सूचना मिली है पीएचसी पर कुछ कहासुनी हो गयी है सुबह दोनों पक्षों को बुलाकर घटना की सच्चाई जानने के बाद दोषी पक्ष पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
अजय कुमार पीएचसी प्रभारी रामनगर