हौसला बुलंद चोरों ने शनिवार की रात कोइरौना थानाक्षेत्र के कटरा बाजार स्थित काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक का ताला चटका दिया। हालांकि वह कुछ ले जाने में सफल नहीं हुए। खबर लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक प्रबंधक समेत कटरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस छानबीन कर रही है।
बैंक में प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी कामकाज हुआ। तय समय के बाद बैंक बंद होने के बाद सभी कर्मचारी और अधिकारी घर चले गए। शनिवार की देर रात चोरों ने बैंक के मुख्य गेट का ताला चटकाने के बाद अंदर स्ट्रांग रूम का भी ताला तोड़ दिया।
लेकिन वह लॉकर का ताला नहीं तोड़ सके। रकम पर हाथ साफ करने का उनका मंसूबा पूरा नहीं हो सका। बैंक में चोरी तो नहीं हुई लेकिन सुरक्षा को लेकर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।
रविवार सुबह बैंक में समाचार पत्र देने के लिए पहुंचे समाचार पत्र विक्रेता ने बैंक का मुख्य द्वार खुला देखा तो कटरा बाजार में रहने वाले बैंक के एक कर्मचारी को सूचना दी।
कर्मचारी ने बैंक मैनेजर को ताला टूटने की खबर दी। तब तक बैंक का ताला टूटने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। मैनेजर विमल कुमार दूबे मौके पर पहुंचे और बैंक का अवलोकन किया। बताया जा रहा है कि बैंक में सभी सामान सुरक्षित है।
प्रबंधक विमल कुमार दूबे ने बताया कि चोर लॉकर न टूटने से घटना को अंजाम नहीं दे सके। बैंक में सभी सामान सुरक्षित है। कटरा चौकी इंचार्ज रमेश यादव ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।