स्कूल में छात्रा से अश्लील हरकत करके एक 50 साल के हेडमास्टर फंस गए हैं। एसडीएम के औचक निरीक्षण में छात्रा ने हेडमास्टर की करतूत से पर्दा उठा दिया था। मीरगंज थाने में पीड़िता के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने हेडमास्टर को गिरफ्तार किया है।
बनइया प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका इंदु कुमारी अक्सर स्कूल में नहीं आती हैं। उनकी अनुपस्थिति में कस्बे के एक गरीब परिवार की 13 वर्षीय किशोरी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने आती थी। एसडीएम के औचक निरीक्षण में छात्रा ने बताया कि बच्चों को पढ़ाने के बाद हेड मास्टर उसे कमरे में बैठाए रखते थे। अश्लील इशारे करते थे। स्कूल में हेडमास्टर की करतूत का वीडियो बनाकर किसी ने वाट्सएप ग्रुप पर डीएम सुरेंद्र सिंह को भेज दिया। डीएम ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अर्चना द्विवेदी को औचक निरीक्षण पर स्कूल में भेज दिया।
छोटी बहन ने कहा, मेरी बहन को बैठाते थे हेडमास्टर
एसडीएम के निरीक्षण में हेड मास्टर मो.शफी के अलावा सहायक अध्यापिका नूरउस्सबा, शकुंतला देवी, बबली पाल, प्रीति कुमारी और इंदु कुमारी की नियुक्ति मिली। स्कूल से जानकारी मिली थी कि इंदु कुमारी 15 अप्रैल से आकस्मिक की छुट्टी होने पर एक किशोरी पढ़ाने आती है। किशोरी पर कक्षा 1 के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी थी। किशोरी की सगी बहन इसी स्कूल की कक्षा दो में पढ़ती है। एसडीएम को किशोरी की बहन ने बताया कि हेडमास्टर उसकी बड़ी बहन को अक्सर कमरे में बैठाते थे।
डीएम ने दर्ज करवाई एफआईआर
डीएम ने एसडीएम की आख्या के बाद थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने पीड़ित पिता से हेडमास्टर के खिलाफ छेड़छाड़ की तहरीर ली है। थाने में हेडमास्टर मो.शफी के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिवार के आरोप है कि हेडमास्टर की तरफ से उन्हें धमकी भी दी जा रही थी।
आकस्मिक निरीक्षण में किशोरी से एवजी में बच्चों को पढ़वाने और हेडमास्टर द्वारा अश्लील हरकतें करने की शिकायतें मिली हैं। प्रथम दृष्ट्या मामला काफी गंभीर प्रतीत होता है। निरीक्षण आख्या डीएम को भेजी जा चुकी है। डीएम के आदेश पर हेडमास्टर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाकर उसे गिरफ्तार भी करवा दिया है। आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के स्तर से होनी है।
-अर्चना द्विवेदी, एसडीएम मीरगंज