Chorus on the loudspeaker of the temple, the chowk
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शाहबाद में मंदिर पर लाउडस्पीकर को उतरवाने पहुंची पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एक समुदाय के लोगोें ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शाहबाद चौकी का घेराव कर दिया। चौकी पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से पुलिस के हाथ पाव फूल गए। प्रेमनगर थाना प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने की कोशिशों के बीच तय हुआ कि शुक्रवार को दोनों समुदाय के लोग प्रेमनगर थाने पर इकट्ठा होंगे। थाने पर दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया जाएगा।
शाहबाद में अग्रसेन धर्मशाला के पीछे मंदिर पर नवरात्र में लाउडस्पीकर की एक सुराही लगाई गई थी। मंदिर में शाम के वक्त भजन बजते थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शाहबाद चौकी पर मंदिर की सुराही पर आपत्ति दर्ज करवाई थी। गुरुवार शाम को चौकी इंचार्ज खुर्शीद अहमद मंदिर पर लाउडस्पीकर उतरवाने पहुंचे थे। मंदिर से लाउडस्पीकर उतरवाने की सूचना मिलने पर हिंदू समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मंदिर पर इकट्ठा होने लगे। इसके बाद दरोगा लाउडस्पीकर को बिना उतारे चौकी वापस आ गए। लोगों का आरोप था कि पास की मस्जिद पर लाउडस्पीकर लगा है। अगर उतारा जाना है तो दोनों को उतरवा दिया जाए।
तीन थानों का पुलिसबल पहुंचा
पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने चौकी का घेराव कर दिया। बवाल की आशंका तो देखते हुए प्रेमनगर, कोतवाली और बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने लोगों को समझाकर शांत करवाया। पुलिस ने मंदिर और मस्जिद दोनों के लाउडस्पीकर को बचाने पर पाबंदी लगा दी है।
दरोगा करवा देते बवाल
चौकी इंचार्ज की एक चूक बवाल करवा देती। शाहबाद संवेदनशील इलाका है। बवाल की आशंका को देखते हुए एहतियातन पुलिसबल की तैनाती की गई है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने मामले को बातचीत से सुलझाने के निर्देश दिए हैं।