Car U-turn and cut the neck of the animal smuggler
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बड़ा बाईपास पर गोवंशीय पशु तस्करों की ऑल्टो कार बेकाबू होकर ट्यूलिया गांव के पास खाई में पलट गई। हादसे में कार में आगे बैठे एक पशु तस्कर की गर्दन खिड़की और शीशे में फंसने से कटकर अलग हो गई। हालांकि, गाड़ी खाई में गिरने से पहले ही उसके तीन साथी कूदकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिछली सीटें हटाकर भरी गईं दो गायों को निकालकर ट्यूलिया गांव के पशुपालकों को सौंप दिया।
सोमवार दोपहर पशु तस्कर इलाके के नखासों से गोवंशीय पशुओं को खरीदकर ऑल्टो कार से रामपुर की तरफ ले जा रहे थे। कार में नशा देकर दो गायों को भरा गया था। इसमें चार पशु तस्कर भी सवार थे। बड़ा बाईपास पर ट्यूलिया गांव के सामने कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। ड्राइवर समेत तीन लोग तो कार खाई में गिरने से पहले ही कूदकर भाग गए, लेकिन बाईं तरफ बैठा 25 वर्षीय युवक मोहसिन पुत्र भइये निवासी बड़ी बिहार, थाना इज्जतनगर गाड़ी से नहीं निकल सका। कार की टूटी खिड़की और शीशे में फंसकर गर्दन कटने से मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया। मृतक का भाई भी मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस कार्रवाई के डर से खिसक लिया। पता लगने पर मौके पर पहुंचा, लेकिन पुलिस कार्रवाई के डर से खिसक गया। पुलिस ने खाई में पलटी कार में फंसी दोनों गायों को घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। दोनों को नशे के इंजेक्शन से बेहोश कर मुंह-पैर बांधकर बेरहमी से कार में पिछली सीट हटाकर लादा गया था। एसपी देहात यमुना प्रसाद ने बताया कि मोहसिन के फरार हुए तीनों साथियों की तलाश की जा रही है। कार के नंबर से मालिक का पता लगाने के बाद उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।