Falovr quarters stolen from police station
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
आम लोगों की तो छोड़िए, चोरों से तो पुलिस भी महफूज नहीं रही। रविवार रात कोतवाली परिसर में फॉलोवर के क्वार्टर से चोर दो लाख रुपये की नकदी और जेवर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली परिसर में रिटायर्ड फालोवर शिव प्रसाद सिंह का परिवार रहता है। दो दिन पहले शिव प्रसाद पत्नी निर्मला सिंह, बेटा राजकुमार और पुत्रवधू खुशबू के साथ पूजा में शामिल होने के लिए हरदोई जिले में स्थित अपने पैतृक गांव गए थे। इसी दौरान रविवार रात चोरों ने उनके क्वार्टर के ताले तोड़कर सेंध लगाकर सभी कमरों को खंगाल लिया। शिव कुमार के मुताबिक, उनके कमरे में बक्से के अंदर टिफिन रखा था। उसमें दो लाख रुपये के गहने थे। बक्से में कीमती साड़ियां और दो हजार रुपये भी थे। घर की चिंता इसलिए नहीं थी कि कोतवाली परिसर में है। दिन-रात यहां पुलिस का पहरा रहता है। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने क्वार्टर का ताला टूटा देखा तो फोन से शिव कुमार को जानकारी दी। सूचना पर एएसआई शिव सिंह ने क्वार्टर का निरीक्षण कर प्रभारी निरीक्षक को बताया। प्रभारी निरीक्षक कमल कांत वर्मा ने बताया कि रिटायर्ड फालोवर को क्वार्टर खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन क्वार्टर खाली नहीं किया गया और अब चोरी की बात कही गई है। इसकी जांच की जा रही है।