बाकरगंज के हुसैनबाग से 12 वर्षीय किशोरी को अगवा होने के 18 दिन बाद पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर बरामद कर लिया है। किशोरी को अपहरण के बाद लखनऊ, दिल्ली और लुधियाना में रखा गया। आरोप है कि दोनों अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ दुष्कर्म भी किया। सोमवार को अपहरणकर्ता किशोरी को लेकर बरेली पहुंचे तो पुलिस ने मिनी बाईपास से उन्हें पकड़ लिया। किशोरी के बयान दर्ज करने के बाद अपहरण की रिपोर्ट में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारायें बढ़ाई गई हैं।
किशोरी ने बताया कि बीती 20 अप्रैल को अरमान और इमरान उसको गुमराह करके विशाल मेगा मार्ट लेकर पहुंचे। फिर नाना की तबीयत खराब बताकर उसको बाइक से जंक्शन ले गए। वहां से ट्रेन द्वारा वे लोग लखनऊ पहुंचे। वहां एक कमरे में रखने के बाद उसको दिल्ली ले जाया गया। पीड़िता के मुताबिक दिल्ली तक आने में दोनों बदमाशों के रुपये खत्म हो गए थे। वहां उन्होंने नौकरी की तलाश की, लेकिन काम नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता को ट्रेन से लुधियाना ले जाया गया। वहां पर सोलह दिनों तक उसको रखकर जबरन संबंध भी बनाए गए। सोमवार को जब वे लोग उसे लेकर बरेली आए तो पुलिस ने पकड़ लिया। किला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म के साथ पाक्सो एक्ट में कार्रवाई की है। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद उसको परिवार के हवाले किया गया है।