बरेली। रविवार देर रात इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर धिमरी में गांव के लोगों ने बरातियों को इस वजह से पीट डाला कि वे आतिशबाजी नहीं छोड़ रहे थे। पीड़ित पक्ष ने देर रात इज्जतनगर थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें मेडिकल परीक्षण को भेजा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
बिथरी चैनपुर थाने के गांव खजुरिया निवासी कालीचरन घायल अवस्था में रात साढ़े बारह बजे परिवार के कुछ लोगों के साथ इज्जतनगर थाने आए। यहां उन्होंने बताया कि उनके भतीजे की बरात भगवानपुर धिमरी गांव आई थी। रात करीब दस बजे बरात चढ़त हो रही थी। तभी इस गांव के शब्बीर, शाजिद, हनीफ, साबिर, असलम, अकरम, आजम आदि आ और कहा कि बरात में आतिशबाजी क्यों नहीं चला रहे हो। उन्होंने आतिशबाजी के इस्तेमाल से मना किया तो ये लोग हमलावर हो गए और उन्हें पीटने लगे। दूसरे बरातियों ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी जमकर पीटा। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।