बरेली। पुलिस लाइन के एक आवास में महिला पुलिसकर्मी आपत्तिजनक हालत में सिपाही के संग पकड़ी गई तो खासा शोर मच गया। इन्हें पकड़ने वाले आरआई खुद बाद में विभागीय प्रतिष्ठा बचाने की खातिर मामला रफादफा करते दिखाई दिए। हालांकि प्रकरण में आंतरिक जांच और कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस लाइन परिसर के आवासों में रहने वाले परिवार कई दिन से यहां अकेले रहने वाले सिपाही के आवास पर एक महिला पुलिसकर्मी को अक्सर आते-जाते देख रहे थे। कई दिन तक उसके आने जाने का समय ट्रेस करने के बाद लोगों ने रविवार रात निगरानी बढ़ा दी। बताते हैं कि रात करीब साढ़े 11 बजे महिला सिपाही सादा कपड़ों में अपने मित्र सिपाही के आवास पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आरआई हरेंद्र सिंह को दे दी। वह आए और दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। इसके बाद आवासों में रहने वाले पुलिसकर्मियों के कई परिवार बाहर निकल आए और इन पर कार्रवाई की मांग करने लगे। महिलाओं का कहना था कि इस तरह की हरकतों से उनके बच्चे बिगड़ रहे हैं। वहीं, पकड़े गए महिला-पुरुष सिपाही माफी देने की मिन्नतें करने लगे। सूचना पर मीडिया वाले भी पहुंच गए तो आरआई दोनों को मौके से ले गए। उन्होंने अधिकारियों को भी प्रकरण की जानकारी दे दी है।