फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्लीन स्वीप का इनाम, पहली बार जिले को मिले तीन मंत्री पद

विज्ञापन
राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, जेपीएस राठौर । - फोटो : SHAHJAHANPUR
विज्ञापन
शाहजहांपुर। सभी छह विधानसभा सीटों में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराने के बाद नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना और विधान परिषद सदस्य जितिन प्रसाद का कैबिनेट मंत्री का पद तय माना जा रहा था। ऐसा ही हुआ। शुक्रवार को लखनऊ में शपथ ग्रहण समारोह में उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष जयेंद्र प्रताप सिंह राठौर को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाए जाने के साथ ही पहली बार राज्य मंत्रिमंडल में जिले से तीन मंत्री हो गए हैं।
विज्ञापन

नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने लगातार नौंवी बार जीत हासिल की है। लहर चाहें जो रही हो, सुरेश खन्ना ने 1989 के बाद से नगर सीट पर भाजपा का परचम लहराए रखा। जिले में भाजपा की राजनीति के स्तंभ कहे जाने वाले सुरेश कुमार खन्ना हर भाजपा सरकार में मंत्री रहे। प्रदेश के सबसे वरिष्ठ विधायक सुरेश कुमार खन्ना का मंत्री पद लगभग तय माना जा रहा था। पिछली सरकार में वह वित्त, चिकित्सा शिक्षा एवं संसदीय कार्य मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे थे।
सुरेश कुमार खन्ना इससे पहले 19 जुलाई 1991 से छह दिसंबर 1992 तक कल्याण सिंह मंत्रिमंडल में पहली बार राज्यमंत्री बने थे। इसके बाद 27 अक्तूबर, 1997 से आठ नवंबर, 1999 तक कल्याण सिंह मंत्रिमंडल में दोबारा राज्यमंत्री बने। 20 नवंबर, 1999 से आठ मार्च 2002 तक रामप्रकाश गुप्ता तथा राजनाथ सिंह मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। सुरेश कुमार खन्ना के लंबे-चौड़े राजनीतिक अनुभव के दृष्टिगत एक बार फिर से उन्हें कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
विज्ञापन

जितिन पर दोबारा भरोसा कायम
जितिन प्रसाद के पिता स्व. जितेंद्र प्रसाद कांग्रेस के कद्दावर नेता थे। वह प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पीवी नरसिम्हा के राजनीतिक सलाहकार थे। 2000 में पिता के निधन के बाद जितिन ने अपनी राजनीतिक पारी कांग्रेस से शुरू की। इससे पहले जितिन प्रसाद की प्रारंभिक शिक्षा दून पब्लिक स्कूल में हुई थी। दिल्ली के श्रीराम डिग्री कॉलेज से बीकॉम करने के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन संस्थान से एमबीए किया। 2001 में वह युवक कांग्रेस में राष्ट्रीय सचिव बने। पहला चुनाव उन्होंने शाहजहांपुर लोकसभा सीट से 2004 में लड़ा।
जीतने के बाद 2008 में पहली बार भारत सरकार के केंद्रीय राज्य इस्पात मंत्री बने। शाहजहांपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के बाद जितिन प्रसाद 2009 का चुनाव नवसृजित धौरहरा सीट से लोकसभा चुनाव लड़े और जीते। जितिन 2009 से 18 जनवरी 2011 तक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, 19 जनवरी, 2011 से 28 अक्तूबर, 2012 तक पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा 28 अक्तूबर, 2012 से मई 2014 तक मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय, यूपीए सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री रहे। 2014 में मोदी लहर में वह धौरहरा से लोकसभा चुनाव हार गए।
2017 में सपा से गठबंधन में वह तिलहर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बने, लेकिन चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। 2019 में भी लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के करीबी जितिन प्रसाद ब्राह्मण चेतना परिषद के संरक्षक के तौर पर प्रदेशभर में घूम-घूमकर सम्मेलन करते रहे। 2021 में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। योगी सरकार ने उन्हें एमएलसी बनाया और साथ ही प्राविधिक शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी दी। अब फिर से योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में उन्हें कैबिनेट मंत्री का पद दिया है। जितिन प्रसाद ने 2010 में नेहा सेठ से विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं। उनकी मां कांता प्रसाद 2001 में लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थीं लेकिन सपा के राममूर्ति सिंह वर्मा से हार गईं थीं।
अभी तक शाहजहांपुर से हुए मंत्री
1. पुरुषोत्तम दास टंडन (कांग्रेस) : कमलापति त्रिपाठी मंत्रिमंडल में 21 मई 1971 से 12 जून 1973 तक राज्यमंत्री रहे।
2. रूपराम (कांग्रेस) : सात फरवरी 1984 से दो अगस्त 1984 तक श्रीपति मिश्र मंत्रिमंडल में उपमंत्री रहे।
3. राममूर्ति सिंह वर्मा (सपा) : दिसंबर 1990 में मुलायम सिंह यादव मंत्रिमंडल में उपमंत्री रहे। मार्च 2012 से मार्च 2017 तक अखिलेश यादव मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री रहे।
4. मिथलेश कुमार (सपा) : तीन अक्तूबर 2003 से 17 अप्रैल 2004 तक मुलायम सिंह यादव मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री रहे।
5. अवधेश कुमार वर्मा (बसपा) : 17 मई 2007 से 14 मार्च 2012 तक मायावती मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे।
6. कोविद कुमार सिंह : फरवरी 2006 से मार्च 200 तक मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव सरकार में कृषि अनुसंधान निगम के अध्यक्ष रहकर दर्जा राज्यमंत्री के पद पर रहे।

मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ।- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

मंत्री जितिन प्रसाद।- फोटो : SHAHJAHANPUR

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें