बरेली में परसाखेड़ा स्थित मतगणना स्थल पर विधानसभा चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है। जिला प्रशासन के मुताबिक मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। बरेली शहर विधानसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलट की मतगणना के लिए पांच टेबल लगाई जाएंगी। बाकी सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए चार-चार टेबल लगेंगी।
जिले की पांच सीटों पर सपा और चार पर भाजपा आगे है। बहेड़ी से सपा के अताउर्रहमान आगे हैं और भाजपा के छत्रपाल सिंह दूसरे स्थान पर हैं। मीरगंज में सपा के सुल्तान बेग आगे हैं। कैंट में भाजपा के संजीव अग्रवाल और भोजीपुरा में सपा के शहजिल इस्लाम अंसारी आगे चल रहे हैं।
इसके अलावा फरीदपुर सीट पर भाजपा के प्रोफेसर श्यामबिहारी लाल, बिथरी चैनपुर में सपा के अगम मौर्य, शहर सीट पर भाजपा के डॉ. अरुण कुमार आगे चल रहे हैं। आंवला में सपा के पंडित आरके शर्मा आगे हैं और भाजपा के धर्मपाल सिंह दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। नवाबगंज में भाजपा के डॉ एमपी आर्य आगे चल रहे हैं। सपा के भगवत सरन दूसरे नंबर पर हैं।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक एआरओ मतगणना कार्मिकों का पर्यवेक्षण कर रहे हैं। आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा चुनाव की मतगणना के संबंध में बुधवार को सभी आरओ को दिशानिर्देश जारी कर दिए गए थे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम से बूथवार मतगगणना 14 टेबल पर होगी। यानी एक साथ 14 टेबल पर 14 ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। लिहाजा सबसे कम 379 बूथ वाले आंवला विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के 27 राउंड में सबसे पहले पूरे होंगे।
इसके बाद बरेली कैंट के 383 बूथों और 390 बूथों वाली फरीदपुर सीट की की भी मतगणना 27-27 राउंड, नवाबगंज में 409 बूथों की मतगणना 29 राउंड, मीरगंज के 431 बूथों की मतगणना 30 राउंड, बहेड़ी के 442 बूथों की मतगणना 31 राउंड, बरेली शहर के 449 और भोजीपुरा के 454 बूथों की मतगणना 32 राउंड और बिथरी चैनपुर के 467 बूथों की मतगणना 33 राउंड में पूरी होगी।
बरेली की सभी नौ सीटों पर दूसरे चरण में 14 फरवरी को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग के निर्देश पर बुधवार को मतगणना स्थल के 27 कमरों में मतगणना का ड्रेस रिहर्सल किया गया था। इसमें नौ कमरों में पोस्टल बैलट और 18 कमरों में ईवीएम के जरिए मतगणना का प्रशिक्षण दिया गया। 18 कमरों में एक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो कमरों में प्रशिक्षण हुआ।
45 मास्टर ट्रेनर ने कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया है। बताया गया कि 174 पार्टियां मतगणना करेंगी। प्रत्येक पार्टी में चार सदस्य शामिल हैं। इनमें एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक पर्यवेक्षक, एक सहायक और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। पोस्टल बैलट की मतगणना के लिए निर्धारित टीम में मतगणना अधिकारी, प्रथम, द्वितीय होंगे।