सीबीगंज परसाखेड़ा वेयरहाउस में बने मतगणना स्थल पर सपाइयों का बुधवार को भी जमावड़ा लगा रहा। बुधवार को सादा डाक मतपत्र (ब्लैंक पोस्टल बैलट) मिलने के बाद से सपाइयों ने ईवीएम की निगरानी बढ़ा दी है। बुधवार को मजिस्ट्रेट की गाड़ी में रखकर डस्टबिन, बक्से, कट्टों में भरा कुछ सामान मतगणना स्थल पर ले जाया जा रहा था। गाड़ी गेट नंबर दो पर पहुंची तो सपाइयों ने उसे रोक लिया और उसमें बक्से रखे देखकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने गाड़ी अंदर नहीं जाने दी।
जिले में 14 फरवरी को मतदान होने के बाद ईवीएम को परसाखेड़ा स्थित वेयरहाउस के ए ब्लॉक में बने स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवाया गया है। तभी से सपाई टेंट लगाकर स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही स्ट्रांग रूम के चारों ओर निजी सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे हैं।
मंगलवार को बहेड़ी नगर पालिका परिषद की कूड़ा गाड़ी में बक्सों में भरकर पोस्टल बैलट पेपर मतगणना स्थल पर एसडीएम बहेड़ी पारुल तरार की मौजूदगी में लाए गए तो इसे लेकर सपाइयों ने जमकर हंगामा किया था। आखिर में एसडीएम पर कार्रवाई की गई। बुधवार को एक मजिस्ट्रेट की गाड़ी में भरकर सामान लाने पर सपाई फिर भड़क गए।
गाड़ी में बक्से, डस्टबिन, कट्टों में भरकर अन्य सामान मतगणना स्थल पर लाया जा रहा था। सपाइयों ने गाड़ी को गेट पर रोक लिया। गाड़ी में अधिकारी मौजूद नहीं थे। सपाइयों को सामान मतगणना संबंधी बताया गया पर वे नहीं माने। उन्होंने 10 मार्च को मतगणना शुरू होने से कुछ पहले ही सामान अंदर ले जाने को कहा। इसके बाद सपाइयों ने गाड़ी को लौटा दिया। सपाई पूरे दिन मतगणना स्थल के इर्द/गिर्द निगरानी करते रहे।