अभी नहीं बनेंगी अटल सेतु से जुड़ी सड़कें
बरेली। अटल सेतु पर वाहन फ र्राटा भरने लगे हैं। अब फ्लाईओवर के नीचे जल निगम सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई शुरू करेगा। इसके बाद ही सड़कों का निर्माण शुरू हो सकेगा। ऐसे में अगले करीब छह महीनों तक अटल सेतु से जुड़ीं तीनों सड़कों का हाल ऐसा ही रहने वाला है।
अटल सेतु शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि दो साल से बदहाल तीनों सड़कें भी बन जाएगी लेकिन फिलहाल ऐसा नहीं होगा। अब यहां सेतु निगम चौराहे से सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई शुरू करेगा। सेतु निगम सीपीएम देवेंद्र सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर पर यातायात शुरू हो चुका है। बिजली का कुछ काम अभी बाकी है और उसे पूरा करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी फ्लाईओवर से जुड़ी सड़कों पर कोई काम नहीं हो सकेेगा क्योंकि जल निगम जल्द चौराहे पर खोदाई का काम शुरू करेगा। इससे नीचे का यातायात बंद रहेगा। जल निगम फ्लाईओवर से यातायात शुरू होने का ही इंतजार कर रहा था। जल निगम एक्सईएन संजय कुमार का कहना है कि जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।
बता दें, चौपुला फ्लाईओवर से किला रोड पर स्टेशन के सामने से किला पुल तक सड़क की दोनों लेन पर बेशुमार गड्ढे हैं। एक लेन सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदे जाने से बर्बाद हो चुकी है। दूसरी लेन पर कई बड़े गड्ढे हैं। पुलिस लाइन रोड भी चौपुला फ्लाईओवर से जुड़ी है। यहां सड़क पर गहरे गड्ढे हैं। कई जगह सड़क उधड़ गई है। अगर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां हादसे हो सकते हैं। पटेल चौक की तरफ से चौपुला आने वाली सड़कों की दोनों लेन भी इस फ्लाईओवर से जुड़ी हैं। इस सड़क पर भी सीवर लाइन बिछाने का काम हो चुका है। इसके बाद सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन जल्दबाजी में कराए गए निर्माण की वजह से सड़क कई जगह बैठ गई है। दूसरी लेन की सड़क में करीब सौ मीटर लंबी दरार आ गई है। ऐसे में यहां से निकलना भी खतरे से खाली नहीं है।