रामनगर से आगरा के बीच चलने वाली ऐतिहासिक ट्रेन में अब बोगियों की संख्या होगी 14
व्यापारियों और आमजनों की समस्याओं को उठाते हुए अमर उजाला ने प्रकाशित की थी खबर
बरेली। रामनगर से आगरा के बीच चलने वाली आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में अब दो एसी कोट लगाए जाएंगे। लंबे समय से व्यापारी और शहर के आमजन इसकी मांग कर रहे थे। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए 14 नवंबर के अंक में खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर सांसद संतोष गंगवार ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखा था।
रेलमार्ग से बरेली से आगरा जाने के लिए आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ही एकमात्र विकल्प है। बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ ही सैलानी और आम लोग इस ट्रेन से यात्रा करते हैं। इसका संचालन आजादी के पहले से किया जा रहा है। वर्ष 2008 में आमान परिवर्तन के चलते इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। बाद में जब ट्रेन का संचालन शुरू हुआ तो रेलवे ने यात्री सुविधाओं में कटौती कर दी।
कोरोना काल के बाद ट्रेन में एसी कोच लगने भी बंद हो गए। लिहाजा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यात्रियों की ओर से एसी कोच लगाने की मांग की जा रही थी। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। अब इस ट्रेन में दो एसी कोच लगकर आएंगे। 25 नवंबर से ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि अभी ट्रेन का संचालन नियमित नहीं होगा। यह सप्ताह में तीन दिन ही चलेगी। यात्री इसे रोजाना चलाने की मांग भी कर रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि अब आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में एसएलआरडी के दो, साधारण द्वितीय श्रेणी के दस, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी एक कोच लगाया जाएगा। आगरा फोर्ट ट्रेन का शुरू होने के बाद 05055-05056 रामनगर-आगरा फ ोर्ट-रामनगर विशेष ट्रेन का संचालन निरस्त रहेगा।