हैदरगढ़। बारिश में उफनाई पुरियार झील से एक सप्ताह बाद कई एकड़ कृषि भूमि में जलभराव बना हुआ है। विभागीय अधिकारियों के सुध नहीं लेने पर किसानों की कीमती फसल पानी डूबकर बर्बाद हो रही है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर स्वयं नाला सफाई करने में जुटे हैं।
बारिश से पहले क्षेत्र में पानी निकासी के लिए नाला सफाई कराने का सिंचाई विभाग का दावा खोखला साबित हो रहा है। पोखरा क्षेत्र स्थित पुरियार झील के पानी की निकासी न होने से कई गांवों सैकड़ों बीघा भूमि भूमि पर जलभराव बना हुआ है। झील का पानी हैदगरढ़ ड्रेन से होकर निकलता है।
झील को ड्रेन से जोड़ने वाला नाला कई जगह सकरी व झाड़ी उगी होने तथा जौनपुर ब्रांच नहर के नीचे बने स्केप में सिल्ट व मिट्टी होने से पर्याप्त पानी की निकासी नहीं हो रही है। एक सप्ताह पहले हुई बारिश का पानी झील के पास खेतों में भरा है जिससे किसानों की फसल डूबकर बर्बाद हो रही है।
बनवारगंज गांव संपर्क मार्ग डूबा होने से ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी हो रही है। इस गांव सहित मनीपुर, बारीखेरा, जरौली, धरौली आदि गांव के किसानों की फसल झील के पानी में डूबी हुई है। (संवाद)