बाराबंकी। शासन के आदेश पर शुक्रवार को एक बार फिर से कोरोना टीकाकरण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 60 हजार लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 135 केंद्र बनाए गए हैं जिनके माध्यम से लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। सीएमओ ने अभियान पर नजर रखने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर जिम्मेदारी तय कर दी है।
जिले में 22 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाना है। लेकिन चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक जिले में 13 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। अभी भी नौ लाख लोग ऐसे हैं जिन्हें कोरोना का टीका लगाया जाना है। कोरोना की तीसरी लहर आए इससे पहले सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाकर आच्छादित कर लेना चाहती है।
इसी को देखते हुए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत शासन के आदेश पर शुक्रवार को एक बार फिर जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने इसको लेकर तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि शासन के आदेश पर शुक्रवार को कोरोना टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 60 हजार लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती करते हुए उनकी जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
30 तक चलेगा आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान
सीएमओ ने बताया कि जिलेभर में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर शुक्रवार से अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत जिले के सभी ब्लॉकों में चिहिन्त गांवों में कैंप लगाकर लोगों केे आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।