फतेहपुर (बाराबंकी)। अधिवक्ताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन पर 29 दिन बीतने के बाद भी तहसील प्रशासन द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने धरना देकर मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ता शांत हुए।
बीते तीन सितंबर को बार संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था जिसमें अकृषक जमीनों के नामांतरण किये जाने, तथा नैसर्गिक संरक्षकों द्वारा नाबालिगों के हित में बेची गई जमीनों का नामांतरण किए जाने आदि की मांग की थी। लेकिन करीब एक माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने से नाराज अधिवक्ताओं का हुजूम एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गया।
धरने के दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की। इस पर एसडीएम सुमित यादव और तहसीलदार राहुल सिंह धरनास्थल पहुंचे और मांगपत्र पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ता शांत हुए। इस मौके पर बार अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम, उपाध्यक्ष राजीव नयन तिवारी, महामंत्री विष्णु कुमार मौर्य, हरिनाम सिंह वर्मा, यादवेंद्र प्रताप सिंह, बृजेश मिश्रा आदि मौजूद रहे। (संवाद)