सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। लापता ग्राम प्रधान का 72 घंटे बाद भी पता नहीं चल पाया है। सरयू में रेस्क्यू ऑपरेशन व होटल-ढाबों के सीसीटीवी फुटेज से भी कोई सुराग नहीं मिला। समय बीतने के साथ ही परिवारीजन परेशान हैं।
ग्राम पंचायत मरकामऊ के ग्राम प्रधान आनंद शंकर गुप्ता बुधवार दोपहर सिरौलीगौसपुर ब्लॉक जाने की बात कह कर घर से निकले थे। शाम को रामनगर थाना क्षेत्र के सरयू के संजय सेतु पर प्रधान की बाइक व उस पर रखा मोबाइल फोन देख चेकपोस्ट के कर्मचारियों ने फोन से नंबर निकाल कर भाई रवि शंकर गुप्ता को जानकारी दी।
जिस पर ग्रामप्रधान की पत्नी रेखा गुप्ता अपने परिवारीजनों के साथ सरयू के संजय सेतु पर पहुंचीं। जानकारी पर पहुंची रामनगर पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम व गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू कराई। मगर, करीब 72 घंटे बाद भी कोई सफलता नहीं मिली।
वहीं रामनगर पुलिस ने मरकामऊ से लेकर रामनगर व गनेशपुर मार्ग के किनारे स्थित होटल-ढाबों पर जानकारी करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। मगर, पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। वहीं ग्रामीण पड़ोसी गोंडा जिले में जाकर प्रधान की तलाश में जुटे हैं। रामनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक नारद मुनि का कहना है कि प्रधान की तलाश जारी है। सरयू के साथ ही होटल-ढाबों के सीसीटीवी खंगाले जा रहे है।