बाराबंकी। जिलाजज राधेश्याम यादव ने शनिवार को अपने चैंबर में वकीलों के साथ आवश्यक बैठक कर कचेहरी की बेहतर सुरक्षा व्यवस्था करने और अनाधिकृत व फर्जी वकीलों पर रोक लगाने पर चर्चा की। जिलाजज ने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सभी प्रैक्टिसिंग वकीलों का रिकार्ड एकत्र कर एक पहचान पत्र जारी किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि जो अधिवक्ता विधि व्यवसाय नहीं कर रहे हैं, उनका कार्ड नहीं बनेगा। जिलाजज ने यह भी कहा कि तमाम लोग अपने को वकील बताकर कोर्ट प्रांगण में प्रवेश कर जाते हैं, इससे पूरा कचहरी परिसर असुरक्षित हो जाता है।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि वकीलों/वादकारियों के हित में दो करोड़ से अधिक लागत के दो शेड भी बनाये जायेंगे। इस अवसर पर जिला बार के अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा, महामंत्री नरेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष एमके सिंह, बीके दीक्षित, एमपी सिंह, भारत यादव, कौशल त्रिपाठी, राजन सिंह व राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।