बाराबंकी। नवीन मंडी परिसर में खुले धान खरीद केंद्रों पर मंगलवार को जिलाधिकारी ने एसडीएम सदर के साथ छापा मारा। इस दौरान क्रय केंद्रों पर कई प्रकार की खामियां मिलीं। जिससे जिलाधिकारी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने मौके पर मौजूद क्रय केंद्र प्रभारियों को जमकर फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार केे आदेश दिए। जिलाधिकारी के तेवर देख केंद्र प्रभारियों को पसीना छूट गया। जबकि केंद्र पर धान की तौल कराने का इंतजार कर रहे किसान जिलाधिकारी की सख्ती देख काफी गदगद दिखाई दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह एसडीएम सदर सुमित यादव के साथ मंगलवार को नवीन मंडी में खुले धान खरीद केंद्रों पर छापा मारा। विपणन शाखा के एक नंबर कांटे पर पहुुंचे जिलाधिकारी ने प्रपत्रों की जांच करते हुए कहा कि सिर्फ टोकन वाले किसानों से ही धान की तौल की जाए। इसके बाद जिलाधिकारी विपणन शाखा के कांटा नंबर दो पर पहुंचे तो यहां पर नमी मापक यंत्र और टोकन रजिस्टर न देख नाराज हो गए। केंद्र पर मौजूद प्रभारी को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के आदेश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी मंडी परिषद द्वारा खोले गए धान खरीद केंद्र पर पहुंचे यहां पर धान की तौल तो हो रही थी लेकिन मौके पर टोकन रजिस्टर उपलब्ध नहीं था। डीएम ने पूछा कि टोकन रजिस्टर कहां है और किस आधार पर धान की तौल की जा रही तो मौके पर मौजूद प्रभारी कोई सही जवाब नहीं दे सके। इस पर जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि कार्यशैली में सुधार लाएं और जिन किसानों को टोकन जारी किए गए हैं पहले उनका ही धान तौला जाए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मैनुअल टोकन भी जारी कर दिए जाएं जिससे धान लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी के तेवरों से जहां केंद्र प्रभारियों को पसीना छूट गया वहीं मौके पर मौजूद किसान काफी गदगद दिखाई दिए। किसानों ने कहा कि जिलाधिकारी की सख्ती यदि इसी प्रकार बनी रही तो निश्चित ही इसका लाभ किसानों को मिलेगा। इस मौके पर क्रय केंद्र प्रभारी आलोक रंजन, अनूप वर्मा आदि मौजूद रहे।
डीएम के आने की भनक लगते ही शुरू की तौल
मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि कांटा नंबर दो पर तौल शुरू नहीं की गई थी। लेकिन जैसे ही इस बात की भनक लगी कि जिलाधिकारी निरीक्षण करने आ रहे हैं आननफानन तौल शुरू करा दी गई। बताते चले कि सभी केंद्रों पर तौल शुरू न किए जाने की वजह से मंडी में धीरे-धीरे किसानों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है।