लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दूंदीपुर गांव में रविवार की देर रात प्रधान समेत सात घरों में घुसे चोर हजारों की नकदी समेत लाखों के जेवरात समेट ले गए। सोमवार को मामले की जानकारी पर इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की लेकिन आरोपियों का पता नहीं लग सका है।
रविवार की देर रात लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दूंदीपुर ग्राम पंचायत के लोदीपुर में सबसे पहले रामअवध के मकान में सेंध काट कर अंदर पहुंचे चोरों ने बक्से में रखे एक लाख रुपये नकद व पचास हजार रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
इसके बाद चोर गांव के आशाराम वर्मा के मकान में पहुंचे और बक्से का ताला तोड़ कर पचास हजार रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। वहीं नेकपाल के मकान में बक्से से साठ हजार रुपये के सोने व चांदी के जेवर चोरी कर ले गए।
इसके बाद सीबू के मकान में पहुंचे चोर बक्से में रखे पचास हजार के जेवर व पासपोर्ट चोरी कर ले गए है। गांव के प्रधान विमल रावत के मकान में घुसे चोर 25 हजार रुपये कीमत के बर्तन चोरी कर ले गए। इसके अलावा गांव के ही सतीश व रिटायर्ड सैनिक रामप्रसाद के घर में भी चोरों ने नकब लगाकर हजारों रुपए का माल पार कर दिया।
सोमवार की सुबह मामले की जानकारी होने पर पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर जांच की लेकिन आरोपियों का पता नहीं लग सका है। थाना प्रभारी जावेद इकबाल ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर भेजी गई थी। कहा चोरों की तलाश की जाएगी।
ग्रामीणों ने किया चोरों का पीछा
दूंदीपुर गांव में मकान में चोरी के दौरान आहट पर उठी गांव के शफीक की पुत्री सोमइया ने अपनी मां सुरैया को जगाया तथा दोनों ने चुपचाप बाहर निकल शोर मचाया। आवाज सुन कर भाग रहे चोरों को गांव के कल्लू , मुश्ताक, मशकुर, गप्फार आदि ने दूर तक पीछा किया तथा 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचित किया लेकिन चोरों को पकड़ा नहीं जा सका है।