जिलाधिकारी आवास से चंद कदम की दूरी पर लग्जरी कार सवार कुछ युवक स्टेट बैंक के सामने खडे़ एक युवक को सरेआम उठा ले गए। मौके पर मौजूद लोग तमाशा ही देखते रहे लेकिन किसी ने इसका विरोध करने का साहस नहीं किया। इसी मामले की जानकारी शहर कोतवाल को दी गई तो वह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी है लेकिन युवक का पता नहीं लगा सका।
जिलाधिकारी आवास से चंद कदमों की दूरी पर भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा है। इसी के बाहर दोपहर तीन बजे एक युवक खड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो एक लग्जरी कार से तीन चार युवक उतरे और बैंक के बाहर खडे़ युवक पर झपट पड़े। युवक ने विरोध किया तो हमला करने वाले और उग्र हो गए उसे घसीटते हुए कार तक ले गए तथा जबरिया कार में बिठा लिया और लखनऊ की और फरार हो गए।
लोगों ने बताया कि जिस कार से युवक को जबरिया ले जाया गया है उस पर पुलिस की वर्दी में आगे एक युवक बैठा था तथा वर्दीधारी एक युवक कार चला रहा था। साथ में जो लोग मौजूद थे वह सिविल ड्रेस में थे। इस बाबत शहर कोतवाल रवींद्र सिंह का कहना है कि जैसे ही घटना की जानकारी मिली अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर गया था। सभी थानों को वायरलेस से सूचना भी दे दी गई है युवक कौन है कहां का है और किसने उठाया है इसकी जांच की जा रही है।