तालपुरवा मजरे टेड़वा में शुक्रवार सुबह भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। बात बढ़ने पर एक एक पक्ष ने हथगोले से हमला कर दिया। हमलावर ने सिलसिलेवार दस हथगोले फेंके।
ताबड़तोड़ फेंके गए हथगोलों की आवाज से इलाका गूंज गया और गांव में दहशत फैल गई। इसी बीच दूसरे पक्ष ने भी फरसा व गड़ासा से हमला बोल दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के 12 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी कोठी में भर्ती कराया।
दो घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्ष ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है।
कोठी थाना तालपुरवा मजरे टेड़वा गांव में रामू व फूलचंद के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह एक बार फिर से इस जमीन के मामले को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गए। विवाद बढ़ने पर फूलचंद आदि ने दूसरे पक्ष पर हथगोला से हमला कर दिया। हथगोले की आवाज से गांव में दहशत फैल गई।
हमले मेें एक पक्ष के रमेश पुत्र कल्लू, रमपता पत्नी जगन्नाथ, राम बहादुर पुत्र माता बदल, सीतापति पत्नी राम बहादुर, रामू पुत्र राम सिंह व जगन्नाथ पुत्र गंगाराम आदि घायल हो गए।
बम से हुए हमले के बाद पूरा गांव एकत्र हो गया और रामू पक्ष के लोग भी हमलावरों के घरों में घुस कर लाठी, डंडे, फरसा व गड़ासा हमला कर दिया। इसमें फूलचंद्र पुत्र जगजीवन, इनके पुत्र रमापति, बिपति, सर्वजीत, व साथी बरसाती पुत्र बिहारी, अमरचंद्र पुत्र बुद्ध घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों के परिवारीजनों की मदद से सीएचसी कोठी में भर्ती कराया। फूलचंद व बीपत राम की हालत अधिक गंभीर होने पर चिकित्सक ने दोनों को सीएचसी कोठी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 10 हथगोला फेंका गया है। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हो रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
गांव में दहशत का माहौल
सुबह अभी सबकी नींद भी ठीक से नहीं खुली होगी कि सुबह करीब छह बजे बम की आवाजों से पूरा गांव दहल उठा। लोगों में अफरा तफरी मच गई। लगातार हुए बम के हमले से पूरे गांव में अफरा तफरी रही। लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। मामला शांत होने पर सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात की गई है। लेकिन लोगों में दहशत का माहौल है। पूरी गांव में जगह-जगह लोग इस दुस्साहसिक वारदात की चर्चा करते रहे।
वर्जन
तालपुरवा मजरे टेड़वा गांव में दोनों पक्ष में हथगोला फेंकने व धारदार हथियार से हमला किया गया है। मामला भूमि विवाद का है। दोनों पक्ष ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
- राय सिंह यादव, थानाध्यक्ष कोठी