एफएसडीए द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत बृहस्पतिवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने आलापुर में एक नमकीन बनाने वाले कारखाने पर छापा मारा। यहां पर 70 किलो घटिया नमकीन मिलने पर उसे सीज कर दिया गया है। जांच के दौरान पाया गया कि बिना लाइसेंस के कारखाने का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी कर नमकीन के नमूने भरे।
एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि आलापुर निवासी फरीदु्दीन के यहां टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान पाया गया कि नमकीन बनाने का कारखाना बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। यहां पर करीब 70 किलो नमकीन मानक के विपरीत पाए जाने पर इसे सीज करा दिया गया है जिसकी कीमत पांच हजार रुपये बताई जा रही है। इसके बाद टीम ने खिंझना बड्डूपुर में किराना व्यापारी मो. उमर और मो. उस्मान के यहां से नमकीन का नमूना भरा।
टीम ने फतेहपुर स्थित अंजुमन मार्केट से हसीब और एजाज की दुुकान से भी नमकीन का नमूना भरकर जांच को भेजा है। इस दौरान टीम ने कुल पांच नमूने नमकीन के भरकर झांसी की प्रयोगशाला में जांच को भेजे हैं। अभिहीत अधिकारी ने बताया कि बिना लाइसेंस नमकीन कारखाना संचालित पाए जाने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, अरविंद सिंह, जयसिंह, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।