बाराबंकी। लाख कोशिशों के बाद भी बाल श्रमिकों से काम लेने की प्रवृत्ति में सुधार नहीं हो रहा है। शुक्रवार को श्रम विभाग के अधिकारियों ने डीएम आवास के ठीक सामने एक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर पांच किशोर श्रमिकों को पकड़ा और प्रतिष्ठान मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शहर के लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर डीएम आवास के ठीक सामने बिंद्रा मिष्ठान की दुकान है। जहां पर खानपान के लिए लोगों की भारी भीड़ लगती है। शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब श्रम विभाग की टीम ने इस प्रतिष्ठान पर अचानक छापा मारा। इस दौरान यहां 14 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम आयु वाले पांच किशोर श्रमिक मिले।
इस दौरान प्रतिष्ठान मालिक अधिकारियों को इन श्रमिकों के आयु का प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके। जबकि प्रतिष्ठान का श्रम विभाग द्वारा जारी लाइसेंस सही मिला। किशोर श्रमिकों से कार्य कराने पर विभाग ने नोटिस देकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का मौका दिया है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार ने बताया कि बिंद्रा स्वीट्स की दुकान पर हुई यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई है। मामले की जांच की रही है।
सोमवार से जिले भर में चलेगा बाल श्रम अभियान
शासन के निर्देश पर श्रम विभाग सोमवार से जिले भर में बाल श्रम को रोकने के लिए अभियान चलाने की तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी की अनुमति के साथ कई टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में यह अभियान चलेगा। टीमों में विभागीय अधिकारियों के साथ बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन और पुलिस कर्मी शामिल होंगे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शरद कुमार ने बताया कि यह जिला कम विभागीय कर्मचारियों के बाद भी मंडल में सबसे अधिक बाल श्रमिक चिह्नित करता है।